महेंद्रगढ़। सरकारी विभागों के अधिकारी और शहर की करीब 35 प्रतिशत आबादी फ्री का पानी गटक रही है। शहर के 11 सरकारी विभागों पर जन स्वास्थ्य विभाग का 4 लाख रुपये का बिल बकाया है। जिम्मेदारों का दावा है कि 27 मार्च तक बिलों का भुगतान नहीं किया तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में पानी के 7965 कनेक्शन हैं।
11 सरकारी विभागों पर जनस्वास्थ्य विभाग का 415066 रुपये का पानी का बिल बकाया है। बिल जमा करने के लिए अधिकारियों को समय-समय पर नोटिस भी भेजे जा चुके हैं, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है। कई सरकारी विभाग पिछले कई साल से पानी व सीवर का बिल नहीं भर रहे हैं।
15 वार्डों में पानी के 7965 वैध कनेक्शन हैं
शहर के 15 वार्डों में करीबन पानी के 7965 वैध कनेक्शन हैं। इन वैध कनेक्शन में भी 35 प्रतिशत घरों के लोग पानी का बिल नहीं भर रहे हैं। जिन 65 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ओर से नियमित रूप से पानी का बिल भरा जा रहा है, उनके घरों में भी पानी की आपूर्ति इन 35 प्रतिशत लोगों की लापरवाही की वजह से गड़बड़ा रही है। कई बार विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। बिल भरने की अंतिम तिथि 27 मार्च तक है। शहर में 7965 उपभोक्ताओं में 20 प्रतिशत लोगों ने बिल जमा करवा दिया गया है। विभाग का बाकी 80 प्रतिशत लोगों पर करीब 55 लाख रुपये बकाया है। ऐसे में विभाग द्वारा पानी और सीवर का बिल संयुक्त रूप से भेजा जा रहा है। अंतिम तिथि के बाद 10 प्रतिशत जुर्माना के हिसाब से लिया जाएगा।
-
विभाग मैसेज कर उपभोक्ताओं को बिल भरने के लिए कर रहा प्रेरित
जनस्वास्थ्य विभाग का जिन लोगों के पानी के बिल बकाया है, उनको फोन पर मैसेज के माध्यम से सूचना देकर बिल भरने के लिए अवगत करवाया जा रहा है। लोगों को फोन पर 27 मार्च की अंतिम तिथि के बारे में जानकारी दी जा रही है। उसके बाद उसके बिल में जुर्माना लगाया जाएगा।
-
किस विभाग पर कितना पानी का बिल बकाया विभाग बकाया राशि
पुलिस क्वार्टर 46626 रुपये
राजकीय कन्या विद्यालय 26236 रुपये
सदर पुलिस थाना 24387 रुपये
सीटी पुलिस चौकी 15264 रुपये
पुराना बिजली बोर्ड 13392 रुपये
पुराना डाकघर 88801 रुपये
बीईओ कार्यालय 24206 रुपये
एसडीओ एग्रीकल्चर 26890 रुपये
एसडीओ नहर विभाग 26185 रुपये
कार्यकारी अभियंता सिंचाई 26767 रुपये
मार्केट कमेटी 25226 रुपये
एसडीओ टेलीफोन बीएसएनएल 21586 रुपये
प्राचार्य राजकीय आईटीआई 49500 रुपये
वर्जन
विभाग की ओर से लंबे समय से पानी का बिल जमा नहीं कराने वालों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। जल्द ही बिल की अदायगी नहीं की गई तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
-प्रदीप कुमार यादव, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग