अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
देशभर के शहरों के स्वच्छता सर्वेक्षण में नारनौल शहर ने प्रदेश में एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में 14वां स्थान हासिल किया है। वहीं, नार्थ जोन में शहर ने 93वां स्थान हासिल किया। शहरवासियों ने प्रदेश में 14वें स्थान पर आने पर इसकी सराहना की है। लोगों का कहना है कि इसमें सुधार हो तो शहर अच्छा बन जाएगा। वहीं, नप की चेयरपर्सन का कहना है कि रैंकिंग में सुधार की आवश्यकता है तथा इसमें सुधार किया जाएगा।
नगर परिषद के ईओ अभय सिंह यादव ने बताया कि हाल ही में देश के शहरों का स्वच्छता सर्वेक्षण किया गया था। इसके परिणाम घोषित किए गए हैं। साफ-सफाई व शौचालयों के हुए सर्वेक्षण में शहरों को रैंकिंग दी गई है। जिसमें नारनौल शहर को प्रदेश में 14वीं और नार्थ जोन में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व जम्मू कश्मीर में 94वां स्थान प्राप्त किया है।
बोले पार्षद और शहरवासी
शहर में शौचालयों की स्थिति अच्छी है। कई मायनों में काम हुआ है। जिसके आधार पर ही रैंकिंग दी गई है।
- मीना सोनी, पार्षद।
नप अधिकारी व वार्ड पार्षद मिलकर साफ-सफाई की ओर ध्यान दे रहे हैं। यह रैंकिंग सराहनीय है।
- पवन सैनी, पार्षद।
अभी रैंकिंग में ओर सुधार की आवश्यकता है। नार्थ जोन में 93वां नंबर आना सराहनीय है, मगर अभी साफ-सफाई की ओर भी ध्यान देना होगा।
- यशपाल यादव, शहरवासी।
शहर की रैंकिंग में सुधार होना जरूरी है। अभी कई जगह गंदगी के ढेर पड़े हुए हैं। साफ सफाई की ओर भी ज्यादा ध्यान दिया जाए तो बेहतर रहेगा।
- सोनू कौशिक, शहरवासी।
वर्जन
- शहर के लोगों ने पूरा सहयोग किया था। शहर में साफ सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। रैंकिंग से वे संतुष्ट हैं आगे भी बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।
- भारती सैनी, चेयरपर्सन, नप नारनौल।