अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को विवि प्रशासन की ओर से प्रोक्टर सतीश कुमार, असिस्टेंट प्रोक्टर रेणु यादव और प्रो. नवल किशोर विद्यार्थियों को आश्वासन देने के लिए पहुंचे। प्रोक्टर सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि वीसी भीड़ में नहीं मिल सकते है। पांच विद्यार्थी अंदर जाकर उनसे मिल सकते हैं। विद्यार्थियों को भीड़ बताने की बात पर वहां उपस्थित एक अभिभावक बिफर गया और उसने पूरी टीम को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद सिक्योरिटी वालों से कहासुनी हो गई। विवि टीम ने किसी तरह से मामले शांत किया। इस दौरान टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि वह दो बजे तक धरने से उठे तो पुलिस उन्हें उठा देगी। हालांकि, देर शाम वीसी ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में 2016-17 बीटेक इंजीनियरिंग कक्षाएं चार कोर्सों के साथ शुरू की गई थीं। फैकल्टी और सुविधाओं के अभाव में प्रथम वर्ष ही रिजल्ट निराशाजनक रहा। बहुत से विद्यार्थी सुविधाओं के अभाव में रि अपीयर हो गए। अब विद्यार्थियों को अगली कक्षा के लिए प्रमोट नहीं किया जा रहा। इससे नाराज होकर वे पिछले एक सप्ताह से धरने पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को वीसी आरसी कुहाड़ एक सप्ताह बाद विश्वविद्यालय आए हैं। वे विश्वविद्यालय के काम से बाहर थे। उनके आने से उम्मीद जगी थी कि आज उनका धरना समाप्त हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वीसी आरसी कुहाड़ ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के पास प्रोक्टर सतीश कुमार के नेतृृत्व में एक टीम भेज दी। टीम ने उन्हें आकर पहले समझाया कि पांच विद्यार्थी जाकर वीसी से मिल सकते हैं और अपनी समस्या रख सकते हैं। इसके बाद उन्हें डराने की कोशिश की। इस दौरान विद्यार्थियों ने बार-बार कॉल द वीसी, कॉल द वीसी के नारे भी लगाए।
विद्यार्थियों को भीड़ बताने पर भड़का अभिभावक
वीसी आरसी कुहाड़ के आदेश पर प्रोक्टर सतीश कुमार प्रोक्टर, असिस्टेंट प्रोक्टर रेणु यादव और प्रोफेसर नवल किशोर की टीम प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के पास पहुंचे। इस दौरान प्रोक्टर सतीश कुमार ने कहा कि वीसी भीड़ में नहीं आ सकते, कोई पांच विद्यार्थी ऑफिस में जाकर उनसे मिल सकते हैं। उनकी इस बात पर वहां उपस्थित अभिभावक भड़क गए। अभिभावक नवीन ने कहा कि ये भीड़ नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थी हैं। ये आज प्रदर्शन कर रहे हैं तो वो भी विवि प्रशासन के कारण ही कर रहे हैं। इसके बाद सिक्योरिटी वालों ने उन्हें पकड़ लिया तो उनकी सिक्योरिटी से कहासुनी हो गई। 0
विद्यार्थियों ने दी कोर्ट जाने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कहा कि वे सात दिन से दिन-रात धरना दे रहे हैं। इसके बाद भी विवि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा। एक सप्ताह से वीसी बाहर गए हुए थे। मंगलवार को वे विवि में आए हैं। आज वो उनसे मिलना चाहते थे, लेकिन प्रोक्टर सतीश कुमार ने पांच विद्यार्थियों के मिलने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो वे कोर्ट का सहारा लेंगे। इस बारे में वीसी आरसी कुहाड़ से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
विद्यार्थियों की 11 सदस्यीय टीम की देर शाम वीसी से बात हो चुकी है। इसके बाद वीसी ने विद्यार्थियों को समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है। अगले सप्ताह से इन मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
शैलेंद्र सिंह, पीआरओ, हकेंविवि