अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। एडीजीपी क्राइम आरसी मिश्रा ने कहा कि साध्वी यौन शोषण मामले में सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम के मामले पर सीबीआई 25 अगस्त को अपना फैसला सुनाएगी। इस मामले में प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए मुख्यमंत्री के साथ-साथ पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और किसी को भी प्रदेश में कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने की इजाजत नही दी जाएगी। वे शनिवार को रघुनाथपुरा स्थित फायरिंग रेंज का दौरा करने आये थे।
मिश्रा ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम के विरुद्ध साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला की सीबीआई अदालत में चल रहे मामले पर 25 अगस्त को फैसला सुनाया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनी रहे इसके लिए हरियाणा पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। साथ ही केन्द्र सरकार से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस भी पूरी तरह से हरियाणा पंजाब बार्डर व पंजाब में सतर्क है। उन्होंने कहा कि इस मामले में डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों से भी शांति बनाए रखने की अपील की।