शादी से पहले होगी काउंसिलिंग, नारनौल में खुलेगा देश का पहला प्री-मैरिज काउंसिलिंग सेंटर
नारनौल। तलाक से बचने और वैवाहिक जीवन को सफल बनाने के उद्देश्य से अब युवाओं की काउंसिलिंग होगी। इसमें युवाओं को शादी से पहले सभी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे उनका वैवाहिक जीवन सफल हो सके। इसके लिए देश का पहला प्री- मैरिज काउंसिलिंग सेंटर विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ स नारनौल में खोल जाएगा। यह सेवा पूरी तरह कर मुक्त होगी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार मित्तल 11 अगस्त को न्यायिक परिसर नारनौल में इसका उद्घाटन करेंगे। इस उद्घाटन समारोह की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विवेक यादव भी मौजूद रहे।
प्री-मैरिज काउंसिलिंग सेंटर के उद्घाटन से पहले लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार में इसी विषय पर एक सेमिनार होगा। इसमें पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और जिले के युवा मौजूद रहेंगे। उपायुक्त ने बताया कि देश में बढ़ते तलाक के मामलों के मद्देनजर यह सेंटर बहुत ही उपयोगी साबित होगा। शादी से पहले अगर युवा सभी पहलुओं के बारे में भली-भांति जान लेंगे तो उनका वैवाहिक जीवन सफल होगा। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला सेंटर होगा।
ईसाई समुदाय में होगी है शादी से पहले काउंसिलिंग
डीसी ने कहा कि ईसाई समुदाय में शादी से पहले तीन दिन की काउंसिलिंग आवश्यक होती है। इससे युवाओं में भविष्य के प्रति संजीदगी का भाव पैदा होता है। उनमें एक समझ विकसित होती है। युवाओं में भावना के साथ-साथ समझदारी विकसित होती है जो आगे चलकर उनके वैवाहिक जीवन में काम आती है। इसी तर्ज पर यहां काउंसिलिंग की जाएगी। उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने बताया कि 11 अगस्त को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल सबसे पहले सुबह 9 बजे जिला जेल का दौरा करेंगे। इसके बाद 9.30 बजे आडिटोरियम में होने वाले सेमिनार में मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। सेमिनार के तुरंत बाद न्यायिक परिसर नारनौल स्थित एडीआर सेंटर में प्री-मैरिज काउंसिलिंग सेंटर का उद्घाटन करेंगे।