फोटो संख्या:76-मसानी चौक से डुलाना रोड तक बदहाल अवस्था में मार्ग--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से मोहल्ला पड़ाव तक करीब 100 मीटर सड़क मार्ग पिछले दो महीने से टूटा पड़ा है। नगरपालिका ने नया रोड बनाने के लिए सड़क को तोड़ा था लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे इस मार्ग से रोज गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की हालत खराब होने के कारण वाहनों को गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। सड़क पर वाहनों के आवागमन से दिनभर धूल उड़ती रहती है। इससे हादसे का खतरा भी बना हुआ है, क्योंकि गड्ढों के कारण कई बार वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति पैदा हो जाती है।
स्थानीय निवासी राहुल यादव, दिनेशचंद वैद्य, दिनेश मास्टर और घीसाराम हलवाई ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों के लिए भी यह प्रमुख रास्ता है। ऐसे में सड़क का निर्माण अधूरा रहने से ग्रामीणों और शहरवासियों दोनों को परेशानी हो रही है।
घरों और दुकानों में पहुंच रही धूल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से उड़ने वाली धूल घरों और दुकानों तक पहुंच रही है। खिड़कियों और दरवाजों के साथ घर में रखे सामान पर भी धूल जम रही है। सड़क किनारे दुकान चलाने वाले दुकानदारों को दिनभर धूल का सामना करना पड़ता है, जिससे उनका काम भी प्रभावित हो रहा है।
वर्जन:
पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोड से मोहल्ला पड़ाव तक रोड बनाने के लिए ठेकेदार को सूचना दे दी गई है। एक-दो दिन के बाद इस रोड कार्य करवा दिया जाएगा। -
रमेश सैनी चेयरमैन नगरपालिका, महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:76-मसानी चौक से डुलाना रोड तक बदहाल अवस्था में मार्ग--संवाद