फोटो नंबर- 15नागरिक अस्पताल में टेली ईसीजी के तहत जांच करते चिकित्सक।
नारनौल। नागरिक अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर टेली ईसीजी सेवा शुरू हो गई है। टेली ईसीजी सेवा का शुभारंभ गत 29 मई को वर्चुअल माध्यम से किया गया था। इसके बाद टेली ईसीजी सेवा के संचालन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और आमजन के लिए शुरू कर दी गई है।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 10 से 15 मरीजों की टेली ईसीजी से जांच की जा रही है। नागरिक अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर हृदय रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण, ईसीजी मशीनें उपलब्ध होने के बाद भी जांच रिपोर्ट में समय लगता था। इससे मरीज को उपचार में देरी और परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब टेली ईसीजी सेवा शुरू होने से ईसीजी जांच के बाद 10 मिनट में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रिपोर्ट भेज दी जाती है। यह सभी सुविधा नागरिक अस्पताल सहित पीएचसी व सीएचसी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
टेली ईसीजी सेवा की क्या है प्रक्रिया
नागरिक अस्पताल व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली ईसीजी सेवा संचालित है जिसके तहत सीने में दर्द व अन्य हृदय रोग संबंधित मरीज जब अस्पताल आते हैं। उस समय उपस्थित चिकित्सकों द्वारा ईसीजी की जाती है और जांच की सभी जानकारी विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास पहुंच जाती है। इसका विश्लेषण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रिपोर्ट भेजी जाती है और उसी आधार पर मरीज का उपचार शुरू किया जाता है। इस प्रक्रिया में केवल 10 मिनट का समय लगता है।
टेली ईसीजी सेवा से मरीज को समय पर उपचार मिल रहा है। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 10 से 15 मरीज की टेली ईसीजी जांच की जा रही है।
- डॉ. सरजीत, आरएमओ, नागरिक अस्पताल, नारनौल।