नारनौल। त्योहारी सीजन पर अग्रिम बुकिंग में बढ़ोतरी हो रही है। नवरात्र और दिवाली के अवसर पर नारनौल से दिल्ली आदि स्टेशन के लिए अग्रिम बुकिंग में सामान्य दिनों की तुलना में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
आगामी दिनों में अग्रिम बुकिंग में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। स्थानीय लोगों ने दिल्ली, जयपुर और उदयपुर के लिए कुछ अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की मांग की है। वहीं लोगों ने कहा कि दिवाली के अवसर पर अयोध्या के लिए भी ट्रेन के संचालन किया जाना चाहिए।
नारनौल स्टेशन पर अभी कुल 26 ट्रेनों का ठहराव किया जाता है। जिसमें से 14 ट्रेन प्रतिदिन व अन्य ट्रेन सप्ताह में कुछ दिन संचालित की जाती है। चेतक एक्सप्रेस, रेवाड़ी-फुलेरा एक्सप्रेस, रूणीचा एक्सप्रेस, भिवानी-डेहर एक्सप्रेस, रेवाड़ी-मदार एक्सप्रेस और जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस का संचालन प्रतिदिन रहता है। वहीं चंडीगढ़ एक्सप्रेस, बांद्रा-दिल्ली एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, रेवाड़ी-रिंगस और टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन हफ्ते में कुछ दिन किया जाता है।
इंसेट
वैष्णो देवी, पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों ने बुकिंग कराई रद्द
गर्मियों और मानसून के समय में कई लोग पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने जाते हैं। इसके लिए पहले से टिकट की बुकिंग भी करात हैं लेकिन इस वर्ष मानसून के दौरान वैष्णो धाम, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हुई। इस कारण कई लोगों ने टिकट रद्द करवाई, रद्द की गई टिकटों में सबसे अधिक संख्या वैष्णो धाम की रही।