हरियाणा के जिंद के उचाना थाना क्षेत्र के गांव में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने और एमएमएस बनाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने, एमएमएस बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव की दसवीं कक्षा की छात्रा ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो महीने पहले रात को उसकी मां गेहूं पीसने के लिए उसके चाचा के घर गई थी।
काफी देर तक घर न लौटने पर वह अपनी मां को बुलाने के लिए अपने चाचा के घर गई तो रास्ते में खड़े गांव बुडायन निवासी विक्की ने अपने दोस्त अमित के साथ मिलकर उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिया।
वह उसे गांव कोथ बस अड्डे पर अपनी दुकान में ले गया। वहां पहले से गांव कोथ कलां निवासी कुलदीप, विक्रम, सेवा, अनिल मौजूद थे। सभी छह आरोपियों ने उसके साथ दुराचार किया और मोबाइल से एमएमएस बनाया।
आरोपियों ने उसे परिजनों को बताने पर एमएमएस सार्वजनिक करने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ता ने बताया कि एमएमएस सार्वजनिक करने की धमकी देकर उन्होंने उसके साथ कई बार दुराचार किया।
बीते गुरुवार को वह विक्की की दुकान के सामने से जा रही थी तो उसने उसे अपनी दुकान पर बुलाकर एमएमएस की सीडी देकर कहा कि वे उसे सार्वजनिक कर देंगे।
इससे परेशान होकर उसने पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार को दी।
पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर गांव बुडायन निवासी विक्की, अमित, गांव कोथ कलां निवासी कुलदीप, विक्रम, सेवा, अनिल के खिलाफ सामूहिक दुराचार करने, एमएमएस बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
उचाना थाना प्रभारी रोहताश सिंह ढुल ने कहा कि किशोरी के बयान पर पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।