महिलाओं को आज के समय में खुद पर निर्भर रहना जरूरी होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र मंडकौला के तत्वाधान में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसमें 18 से 35 आयु तक की तीस महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
मंडकौला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सुधा छिकारा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में पलवल, हथीन, फिरोजपुर झिरका, तावड़ू, नगीना आदि ब्लॉकों की 30 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर में महिलाओं को मोमबत्ती, सजावटी मोमबत्ती और मेडिटेशन मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. छिकारा ने बताया कि अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को मोमबत्ती का प्रशिक्षण लेकर लघु उद्योग शुरू कर सकती हैं। मोमबत्ती बनाने के लिए प्रयोग होने वाले उपकरण भी सरकार की तरफ से फ्री दिए गए, जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें। इस अवसर पर कृषि अधिकारी डॉ. एमए खान, डॉ. सुमित्रा यादव, डॉ. वीना जैन, डॉ. धर्मवीर पाठक, डॉ. नीना कपूर आदि मौजूद थे।