फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: एक-दूसरे राज्यों की संस्कृति को समझेंगे युवा, बढ़ेंगे आपसी संबंध

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। देश के विभिन्न राज्यों के बीच परंपरा, सांस्कृतिक, पर्यटन, परस्पर संपर्क आदि को लेकर अक्सर दिखाई देने वाला फासला अब नहीं रहेगा। इसे मिटाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी पहल की है। इसके लिए हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के पढ़े-लिखे युवाओं का संगम होगा, जो न केवल एक-दूसरे राज्य की इन सभी खूबियों से रूबरू होंगे बल्कि अपने राज्य की खूबियां भी दूसरे राज्य के युवाओं को बताएंगे।
विज्ञापन

दिसंबर में प्रस्तावित इस कार्यक्रम के तहत हर राज्य के 50-50 युवाओं का दल एक दूसरे राज्य में पहुंचेगा, जहां उनका संबंधित राज्य की परंपरा व संस्कृति के अनुसार जोरदार स्वागत भी किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम को सफल बनाने का जिम्मा देशभर की एनआईटी को सौंपा गया है, जहां अलग-अलग राज्यों से आने वाले इन युवाओं के स्वागत से लेकर पूरे कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत दो-दो राज्यों के ग्रुप बनाए गए हैं और इन दोनों राज्यों के 50-50 युवा एक-दूसरे प्रदेश के एनआईटी में पहुंचेंगे। इसके बाद संबंधित एनआईटी प्रशासन इन युवाओं के रहने व खाने-पीने के साथ-साथ अपने प्रदेश की परंपरा, संस्कृति, प्रगति, पर्यटन व परस्पर संपर्क की बारीकियों से अवगत कराएगा। इसके लिए बाकायदा इन युवाओं को संबंधित प्रदेश के गांवों तक लेकर जाया जाएगा। सात दिन के इस विशेष भ्रमण के समापन अवसर पर राज्यपाल स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां विशेष चर्चा व संवाद होगा।
विज्ञापन


हरियाणा का ‘स्टेट पार्टनर’ होगा झारखंड, तैयारी शुरू
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के फेज तीन के तहत आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के अनुसार दो-दो राज्य आपस में ‘स्टेट पार्टनर’ बनाए गए हैं और एक-दूसरे राज्य के युवा परस्पर पहुंचेंगे। हरियाणा का स्टेट पार्टनर झारखंड को बनाया गया है। हरियाणा के 50 युवाओं का दल आईआईआईटी रांची पहुंचेगा तो वहीं झारखंड के युवाओं का दल एनआईटी कुरुक्षेत्र पहुंचेगा। एनआईटी को ही पूरी व्यवस्था किए जाने का जिम्मा सौंपा गया है।



माथे पर टीका व सिर पर पगड़ी के साथ होगा स्वागत : प्रो. रेड्डी
एनआईटी कुरुक्षेत्र ने भी इस कार्यक्रम के तहत झारखंड से आने वाले युवाओं का हरियाणवी अंदाज में स्वागत करने की तैयारी शुरू कर दी है। एनआईटी निदेशक प्रो. बीवी रमन्ना रेड्डी के मुताबिक यहां पहुंचते ही युवाओं का हरियाणवी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। माथे पर टीका व सिर पर पगड़ी बांधकर स्वागत किया जाएगा। यही नहीं हरियाणवी व्यंजन ही उन्हें परोसे जाएंगे। यह मेहमानवाजी भी विशेष होगी, ताकि आने वाले युवाओं के लिए जिंदगीभर की यादगार बन सके। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि पढ़े-लिखे युवा एक-दूसरे राज्य की संस्कृति, परंपरा से रूबरू हो सकें।


हर जिला से दो-दो युवा होंगे शामिल : प्रो. यशचंद्र
एनआईटी के उक्त कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. यशचंद्र द्विवेदी का कहना है कि हरियाणा के हर जिला से दो-दो युवाओं को शामिल किया जाएगा। इसके लिए पोर्टल पर सभी संस्थानों को पत्र भेजकर आवेदन मांगे गए थे। पंजीकरण कार्य पूरा हो चुका है और इनकी जांच की जा रही है। जल्द ही कार्यक्रम की तिथि तय कर दी जाएगी। इन युवाओं में एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, खिलाड़ी व ग्रामीण आदि श्रेणियों को प्राथमिकता दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें