गांधी नगर में शुक्रवार देर रात किसी ने 23 वर्षीय युवक के सिर पर लकड़ी के मोढ़े से कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। युवक का शव सुबह सात बजे गांधी नगर की खेड़े वाली गली के निकट गंदे नाले में फंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर डीएसपी ममता सौदा, कृष्णा गेट पुलिस थाना प्रभारी सुनीत वत्स टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में नाली से शव को बाहर निकाला तो युवक का चेहरा और सिर कुचला हुआ मिला। युवक का दिमाग बाहर निकला हुआ था और कान कटे हुए थे। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने युवक की कपड़ों से शिनाख्त की। मृतक की शिनाख्त श्याम कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय राहुल पुत्र जयभगवान के रूप में हुई है। पुलिस ने राहुल के मौसेरे भाई प्रिंस की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रिंस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई राहुल हलवाई के पास काम करता था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे राहुल अपने घर आया और खाना खाकर कहने लगा कि उसे वापस काम पर जाना है। शनिवार सुबह करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि राहुल का शव गांधी नगर स्थित गली नंबर-2 के निकट गंदे पानी के नाले में पड़ा है। जब वे मौके पर पहुंचे तो राहुल का चेहरा और सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त था। प्रिंस ने पुलिस को बताया कि राहुल गांधी नगर निवासी उसके दोस्त चांटा, जयमल चौटाला, शोरगिर और आशीष के साथ रहता था। पुलिस राहुल के इन दोस्तों से पूछताछ करे। हालांकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राहुल अपने पीछे मां महिंद्रों और छोटे भाई अजय को छोड़ गया है।
वर्ष 2001 से अब तक परिवार के चार लोगों की हुई हत्या
राहुल की हत्या से पहले उसके परिवार से तीन लोगों की हत्या की जा चुकी है। राहुल के चाचा राजकुमार ने बताया कि वर्ष 2014 में झांसा रोड स्थित पारस इन इनक्लेव में सो रहे राहुल के पिता जयभगवान की सिर में ईंट मारकर हत्या की गई थी। इससे पहले वर्ष 2004 में उसके भाई केदारनाथ उर्फ विक्की की जहरीला पदार्थ देकर हत्या की गई थी। वहीं वर्ष 2001 में उसके भाई शिवकुमार का शव गांव बिशनगढ़ के खेतों में संदिग्ध अवस्था में मिला था। हत्यारों ने शिवकुमार का एक कान काटा हुआ था और चाकू से शरीर पर कई हमले किये हुए थे। अब राहुल की निर्मम हत्या की गई।
चिकित्सकों के पैनल ने किया राहुल के शव का पोस्टमार्टम
एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में चिकित्सकों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आरएमओ डा. एसएस आरोड़ा और मेडिकल ऑफिसर डॉ. रसमीत के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान विसरा का सैंपल लिया गया है, जिससे जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
पुलिस कर रही गहनता से जांच, हत्यारों को शीघ्र किया जाएगा काबू: सुनील वत्स
कृष्णा गेट पुलिस थाना प्रभारी एसआई सुनील वत्स का कहना है कि रात करीब 12 बजे उन्होंने गांधी नगर में गश्त की थी। हत्यारों ने देर रात हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।