कुरुक्षेत्र। एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत इंटर स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में पहुंचे 24 राज्यों व चार केंद्र शासित प्रदेशों के युवक-युवतियां धर्मनगरी से अमिट यादें लेकर रवाना हो गए। उन्होंने न केवल यहां के अध्यात्म, सांस्कृतिक व सभ्यता को अपने जहन में संजोया बल्कि अंतिम दिन पवित्र ब्रह्मसरोवर पर सामूहिक योग भी किया। ब्रह्मसरोवर को देख वे गदगद हो उठे तो इसके प्रति गहरी आस्था भी दिखाई। युवक-युवतियों ने यहां श्रीकृष्ण अर्जुन रथ के समक्ष सामूहिक चित्र भी खिंचवाया।
विभिन्न राज्यों के 600 युवक-युवतियां 23 जुलाई से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे। इस दौरान हर राज्य के युवा कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश की लोक कलाओं, परंपराओं व नृत्यों से लोगों को रूबरू करवाया। कार्यक्रम के समापन पर शुक्रवार को मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कलाकारों को सम्मानित किया और विकसित भारत में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं शनिवार सुबह ये कलाकार पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पहुंचे। तीन दिन के दौरान इन कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक व पर्यटन स्थलों जैसे कि ब्रह्म सरोवर (श्रीमद भगवद गीता की उत्पत्ति स्थली), कुरुक्षेत्र पैनोरमा व विज्ञान केन्द्र, श्रीकृष्ण संग्रहालय, भद्रकाली मंदिर, सन्निहित सरोवर, कल्पना चावला तारामंडल, कुरुक्षेत्र चिड़ियाघर, हरियाणा धरोहर, शेख चिल्ली का मकबरा इत्यादि का भ्रमण किया।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय के युवा मामले के अतिरिक्त निदेशक राज कुमार ने कहा कि युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से 23 जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित इस कार्यक्रम के प्रतिभागियों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। इस मौके पर विभाग के संयुक्त निदेशक गजेंद्र कुमार, सहायक निदेशक विशाल सोढ़ी, प्रधानाचार्य जगमोहन, अश्वनी कुमार, सतीश मच्छाल, विनोद कुमार, मनदीप बेनीवाल सहित विभाग के सभी एनसीसी अधिकारी व अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।