पुलिस ने 700 ग्राम गांजा पत्ती के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा पत्ती बेचने के लिए अपने घर से कंडा चौक जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करके आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी विक्की उर्फ कल्लू वासी इंदिरा कॉलोनी नजदीक पारस सिनेमा को अदालत मेें पेश करके जेल भेज दिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम पुराने बस अड्डा के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांजा पत्ती बेचने का धंधा करने वाला विक्की उर्फ कल्लू अपने घर से कंडा चौक के पास गांजा बेचने के लिए आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने बीडीपीओ साहब सिंह को साथ लेकर कंडा चौक के पास नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली तो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कृष्णा गेट थाने में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया।