संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे गांव तंगौर निवासी गुरमीत की रादौर क्षेत्र में अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गुरमीत 10 अगस्त को अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर कावड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। हरिद्वार से कावड़ लेने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। रात होने पर उन्होंने रादौर क्षेत्र के गांव नेचरोंन में रुकने का निर्णय लिया और वहीं सो गए। मंगलवार सुबह जब गुरमीत का साथी उसे वापस चलने के लिए उठाने लगा तो वह मृत मिला।
गुरमीत की मौत की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि गुरमीत की मौत का कारण हृदय गति रुकना हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम व चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
-
बाइक रिपेयर करता था गुरमीत
गुरमीत झांसा में बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। परिवार में उसका एक भाई प्रदीप है, जो सेना में सेवाएं दे रहा है। गुरमीत अपने पीछे पत्नी, परिवार और महज 8 वर्ष के बेटे को छोड़ गया है। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गुरमीत का पार्थिव शरीर गांव तंगौर लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।