संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंबाला एसटीएफ की टीम ने एक युवक को दो देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी साहिल कुमार उर्फ बैंस निवासी अमर कॉलोनी सिरसमा अपने पास अवैध हथियार रखता है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि स्पेशल टास्क फोर्स अंबाला की टीम लाडवा में पिपली रोड पर गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि साहिल कुमार उर्फ बैंस हमेशा अपने साथ अवैध असला रखता है। इस समय आरोपी सिरसमा से पिपली-लाडवा मार्ग की तरफ पैदल जा रहा है। सूचना पर टीम पिपली-लाडवा मार्ग से होते हुए सिरसमा गांव की तरफ पहुंची। यहां टीम को एक युवक सिरसमा की तरफ आता दिखाई दिया। अचानक पुलिस को सामने देखकर युवक वापस गांव की ओर जाने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने युवक को काबू कर पूछताछ शुरू कर दी। तलाशी लेने पर उसके कब्जा से दो देसी कट्टे बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।