कुरुक्षेत्र। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहाबाद के होटल में दबिश देकर रावी काॅलोनी निवासी युवक साहिल को अवैध तरीके से रुखे कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साहिल अपनी पत्नी के साथ होटल में रुका है और उसके पास अवैध हथियार व कारतूस मौजूद हैं। पुलिस टीम ने होटल में दबिश की, तो तलाशी के दौरान साहिल की पेंट की जेब से चार कारतूस बरामद हुए। आरोपी इन कारतूसों का कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं दिखा सका। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने पंजाब के मलेरकोटला निवासी सागर का नाम लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसके साथी की गिरफ्तारी और पूछताछ के लिए एक दिन का पुलिस रिमांड मांगा है।
204 ग्राम गांजा के साथ तीन युवक गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 204 ग्राम गांजे के साथ तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रा कॉलोनी निवासी शुभम, सुंदरपुर रेलवे पुल के नीचे गांजा बेचने के लिए खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और शुभम को रंगे हाथों काबू कर लिया। शुभम से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने उसके दो अन्य साथियों बिहार के मनोज कुमार और संजीत कुमार को भी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान शुभम के पास से 204 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चिट्टा के साथ तस्करी करने का आरोपी युवक काबू
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए 11.87 ग्राम चिट्टा की तस्करी करने के आरोप में चिराग उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता लगा कि यह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहाबाद के मारकंडा कॉलोनी में चिराग उर्फ नेपाली ने किराए का मकान लिया हुआ है, जहां से वह चिट्टे की सप्लाई करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उप पुलिस अधीक्षक शाहाबाद से नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर रेडिंग पार्टी का गठन किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहां एलईडी पैनल की दराज में छिपाकर रखा गया 11.87 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
विदेश भेजने के नाम पर 28 लाख की ठगी करने वाला गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करनाल जिले के चोचडा गांव के रहने वाले बलविंद्र सिंह उर्फ बलिंद्र के रूप में हुई है। मामला 2022 का है, जब कैथल निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्होंने कनाडा जाने के लिए उक्त गिरोह के साथ 28 लाख रुपये में सौदा तय किया था। आरोपियों ने लाडवा अनाज मंडी स्थित एक दुकान पर सुमित से 28 लाख रुपये नकद ले लिए और उसे फर्जी टिकटें थमा दी। जब सुमित दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, तो आरोपी वहां से फरार हो गए और अपने फोन बंद कर लिए। इस मामले में पुलिस ने पहले ही विकास कुमार और जयभगवान को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी बलविंद्र सिंह को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस बलविंद्र के बाकी साथियों प्रमोद, जीता और मुनीष की गिरफ्तारी और ठगी की गई बाकी रकम की बरामदगी पर ध्यान केंद्रित करेगी। जांच अधिकारी के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
संगठित गिरोह था, विश्वास दिलाने के लिए 20 के नोट के दो टुकड़े करते थे
गिरफ्तार आरोपी बलविंद्र सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि यह एक संगठित गिरोह था, जिसमें प्रमोद कुमार (पंजाब), विकास, जयभगवान, जीता बडथल और मुनीष कुमार शामिल थे। आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए एक 20 रुपये के नोट को दो टुकड़ों में फाड़कर टोकन के रूप में इस्तेमाल किया था। बलविंद्र ने स्वीकार किया कि इस धोखाधड़ी में उसे एक लाख रुपये मिले थे, जोकि उसने खर्च कर दिए।