जिले में अलग-अलग जगह से संदिग्ध परिस्थितियों में युवक व महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक युवक की शिनाख्त 21 वर्षीय नेपाल वासी मनोज मुखिया पुत्र मोती लाल मुखिया के रूप में हुई है, जो पिछले कई माह से अपने चचेरे भाई के साथ नीलकंठ कॉलोनी पिपली में किराए के मकान रह रहा था। गत रात्रि करीब 10 बजे मनोज ने अपने ही कमरे पर परने से फंदा लगा आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि मनोज मुखिया पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के चाचा हरिबहादुर के बयान पर 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, रतगल में 58 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त निर्मला देवी पत्नी लाल चंद के रूप में हुई है। जांच अधिकारी अजमेर सिंह ने बताया कि निर्मला देवी पिछले कई माह से बीमार रहती थी। शनिवार सुबह गलती से कोई जहरीली दवा निगल ली, जिसकी वजह से निर्मला की तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका की पुत्री के बयान दर्ज कर 174 की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।