संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महाकुंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। प्रशासनिक तौर पर हर विभाग, पतंजलि योग पीठ व हरियाणा योग आयोग की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है तो दिनभर बैठकों का दौर भी चलता रहा। इनमें तैयारियों की समीक्षा की जाती रही तो खामी रहने पर तत्काल दुरुस्त भी कराई गई। आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा व उपायुक्त नेहा सिंह से लेकर सांसद नवीन जिंदल ने आयोजन स्थल ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया तो संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
उधर इन तैयारी के साथ मौसम में हो रहे बदलाव से अधिकारियों की बेचैनी भी बढ़ रही है। वीरवार को हल्के बादल छाए रहे तो शुक्रवार को भी मौसम में ऐसे ही बदलाव रहने की संभावना जताई जा रही है। तैयारियों के चलते ही ब्रह्मसरोवर तटों पर रेड व ग्रीन कारपेट बिछा दिए गए हैं, जिससे ब्रह्मसरोवर का स्वरूप ही बदल गया और बेहद आकर्षक नजारा भी दिखाई देने लगा। वहीं यहां मुख्य मंच से लेकर साउंड सिस्टम, एलईडी लगाए जाने के लिए भी देर रात तक कार्य किया जाता रहा। मेला ग्राउंड में भी गत दिवस बारिश के चलते जमा हुए पानी को निकाले जाने, सूखी मिट्टी डाले जाने व ग्राउंड को समतल करने के लिए जेसीबी व रोड रोलर दिनभर चलते रहे। इसके साथ ही यहां सेक्टर बनाए जाने के लिए मार्किंग की जाती रही। इसके लिए विभिन्न टीमें लगाई गई तो अधिकारी भी बार-बार मुआयना करते रहे।