कुरुक्षेत्र। गीता निकेतन आवासीय विद्यालय प्रांगण में चारों सदनों गंगा, यमुना, रावी और ब्रह्मपुत्र के मध्य अंतर-सदन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रावास के मुख्य पर्यवेक्षक भास्करानंद ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में यमुना सदन विजेता रहा और ब्रह्मपुत्र सदन उपविजेता रही। अंडर-17 वर्ग में यमुना सदन विजेता तथा गंगा सदन उपविजेता रहा। वहीं अंडर-19 वर्ग में गंगा सदन विजेता और ब्रह्मपुत्र सदन उपविजेता रहा। कार्यक्रम के समापन पर विजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, एकता और टीमवर्क की भावना को प्रोत्साहित किया और विद्यालय परिसर खेल उल्लास से गूंज उठा। इस मौके पर रैफरी गंगाराम, अंकित भट्ट, तेज प्रताप, मनोज प्रसाद, चैतन्य गंधे, मोहित सहित अन्य सदस्य व खिलाड़ी मौजूद रहे।