कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में अब स्थानीय लोगों और तीर्थ यात्रियों को एक्स-रे सुविधा का लाभ नहीं मिल पाएगा। प्रशासन ने इस क्षेत्र में संचालित एक्स-रे सेवाओं को बंद कर दिया है। ब्रह्मसरोवर स्थित केंद्र पर रोजाना 25 से 30 मरीजों का एक्स-रे किया जा रहा था और अब तक लगभग 180 लोगों के एक्स-रे हो चुके थे।
प्रदेश सरकार की ओर से टीबी मुक्त हरियाणा अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तर पर टीबी के मरीजों की पहचान और इलाज की प्रक्रिया को और सक्रिय किया है। फिलहाल जिले में लगभग एक हजार लोग टीबी से पीड़ित पाए गए हैं, जिन्हें नियमित दवाइयों और जांच के माध्यम से उपचार प्रदान किया जा रहा है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप ने बताया कि प्रशासनिक निर्णय के चलते ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में एक्स-रे बंद किए गए हैं। अब मरीजों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सीधे फील्ड में जाकर एक्स-रे कर रही है, ताकि जांच प्रक्रिया बाधित न हो और लोगों को समय पर इलाज मिल सके। मोबाइल एक्स-रे सेवाओं की मदद से दूर-दराज के इलाकों में भी टीबी के संभावित मरीजों की पहचान तेजी से हो रही है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रदेश को निर्धारित समय सीमा में टीबी मुक्त किया जाए।