महाशिवरात्रि के पर्व पर गांव रामसरन माजरा में चल रही कुश्ती-दंगल में पहलवानों ने अपने दावं पेच दिखाकर एक दूसरे को पटखनी दी। दंगल के अंतिम दिन अमरनाथ सालवन ने मुन्ना पहलवान गोरखपुर को तथा शुभम पहलवान अंबाला ने गुरुनानक एकेडमी के पहलवान मोहित को चित किया। इस दौरान दंगल में पहलवान रामनाथ, कृष्ण सोनीपत, धीरज भादशो, गुल्लू जठलाना, कपिल उमरी, निर्मल मतलौड़ा, बलजीत अंबाला, इशांत दिल्ली सहित अन्य क्षेत्रों से आए सैकड़ों पहलवानों ने अपने दमखम दिखाए।
ग्राम पंचायत रामसरन माजरा ने समाजसेवियों के सहयोग से सभी पहलवानों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया। दूसरे दिन के दंगल का शुभारंभ समाजसेवी सुरेंद्र सैंसा व नायब सिंह ने किया। इस दौरान फूलचंद सैनी ने रामसरन माजरा के पहलवान रामनाथ को 2100 रुपये का विशेष इनाम देकर सम्मानित किया। वहीं, दर्शकों ने भी सभी पहलवानों को नकद इनाम देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सुरेंद्र सैनी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण पहलवानों को अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने का अच्छा मौका मिलता है। कहा कि इस इलाका में 100 साल से भी ज्यादा समय से लगने वाला यह दंगल क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन का भी एक बड़ा साधन बना हुआ है। इस अवसर पर नायब पटाकमाजरा ने कहा कि रामसरन माजरा में प्राचीन समय से लग रहे दो दिवसीय दंगल कुश्ती का अपना ही विशेष महत्व है, क्योंकि मेले की धार्मिक दृष्टि से भी अपनी एक अलग ही विशेष महत्ता रहती है। इस अवसर पर बाबैन मंडी के प्रधान लाभ सिंह, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सुभाष कसीथल, सुरेश सैनी, वीरेंद्र ढांडा, योगेश सैनी, रामपाल शर्मा, उपदेश शर्मा, डॉ. ओमप्रकाश, कौशल सैनी, बलकार सिंह, संजय सैनी व जगमाल सहित अन्य मौजूद रहे।