कुरुक्षेत्र। थाईलैंड में अगले माह होने वाली अंडर-15 कुश्ती एशियन चैंपियनशिप में कुरुक्षेत्र के पहलवान का चयन हुआ है। रविवार को नोएडा में हुए ट्रायल में शांति नगर के रहने वाले संदीप कुमार ने बाजी मारी। इस ट्रायल में देश भर से अंडर-15 के पिछले तीन साल के राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं पहलवानों को शामिल किया गया था, जिसमें कुल 10 पहलवानों का चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही कुश्ती नर्सरी के कोच जसमिंद्र सिंह ने बताया कि शांति नगर के रहने वाले मनदीप कुमार का एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। रविवार को नोएडा में ट्रायल हुए थे, जिसमें देश से अंडर-15 पदक विजेता खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। अगले महीने 16 से 21 जुलाई को थाईलैंड में एशियन चैंपियनशिप होनी है। वहीं इस उपलब्धि के लिए जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने खिलाड़ी मनदीप, उसके परिजनों और कोच जसमिंद्र सिंह को शुभकामनाएं दी है।