कुरुक्षेत्र। केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार सदियों पुराने मोटर व्हीकल एक्ट को बदलने जा रही है।
इसमें परिवर्तन के लिए प्राथमिक स्तर की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस पुराने एक्ट में तबदीली करने की आवश्यकता पड़ी, वह जनहित में पूरा हो सके। गुर्जर सोमवार को पिपली जीटी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारवार्ता में संबोधित कर रहे थे।
कुरुक्षेत्र से क्रासिंग के दौरान गुर्जर का काफिला यहां रुका। हालांकि उनके यहां रुकने का कार्यक्रम आज सुबह तय था। इस ठहराव के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं ने गुर्जर का स्वागत किया। इस अवसर गुर्जर ने स्थानीय नेताओं से आगामी विधानसभा चुनाव संबंधित तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।
वहीं पत्रकारवार्ता में गुर्जर ने मोटर व्हीकल एक्ट के अलावा नेशनल हाईवे की सूरत बदलने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के सभी मंत्रियों का प्रयास है कि यूपीए सरकार के दौरान बिगड़ी व्यवस्था को जल्द पटरी पर लाया जाए।
गुर्जर ने कहा कि यूपीए सरकार ने सत्ता पर रहने के दौरान कुछ ऐसे गलत फैसले लिए हैं, जिस कारण थोड़ा वक्त लग सकता है, लेकिन सुशासन और गुड गवर्नेंस का जो दावा सत्ता में आने से पहले एनडीए ने किया था, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर जहां भी काम रुके हुए, वहां जल्द काम शुरू होगा, जिससे कि नेशनल हाईवे का सदुपयोग हो सके। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच, कृष्ण बेदी, भारत भूषण भारती, चंद्रभान गुप्ता और अन्य उपस्थित रहे। इधर पिपली में कार्यकर्ताओं और मीडिया रूबरू होने के बाद गुर्जर गीता स्कूल में चल रहे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शिविर में भी पहुंचे।