कुरुक्षेत्र। पुराने ट्रैक से बिजली के तार हटाते कर्मचारी। संवाद
कुरुक्षेत्र। शहर को एक सदी से अधिक समय से दो हिस्सों में बांट रही रेलवे की पुरानी लाइन अब इतिहास बन जाएगी। वर्ष 1910 में बिछाई गई इस रेलवे लाइन को ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक के दायरे में हटाने का काम शुरू किया जा चुका है।
447 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और नए स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे ने अब पुरानी लाइन को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पहले इस ट्रैक से बिजली लाइन को हटाना शुरू किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिजली लाइन हटाने के बाद ट्रैक उखाड़ने की तैयारी की जाएगी। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार संबंधित स्थानों पर अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही जाम और आवाजाही की समस्या से राहत मिलेगी। पुरानी रेलवे लाइन के हटने के साथ ही शहर के सभी पांच रेलवे फाटक पूरी तरह साफ हो जाएंगे और यातायात सुचारु रहेगा। इससे स्कूल, कॉलेज, बाजार और अस्पताल जाने वाले हजारों लोगों का समय भी बचेगा। रेलवे लाइन शहर के बीच से गुजरने के कारण वर्षों से लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी।
कुरुक्षेत्र। पुराने ट्रैक से बिजली के तार हटाते कर्मचारी। संवाद