कुरुक्षेत्र। लिंगानुपात विश्लेषण किया जाएगा और खराब प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य केंद्र पर कार्रवाई होगी। ये निर्देश जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने दिए। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग व महिला एवं बाल विकास विभागों के अधिकारियों को कहा कि जन्म के समय लिंगानुपात में और सुधार लाने के लिए लागू किए जा रहे विभिन्न उपायों की प्रगति की समीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन महिला सरपंचों के पास केवल बेटियां हैं, उन्हें लिंग अनुपात सुधारने के लिए चलाए जाने वाले अभियानों में ब्रांड एंबेसडर के रूप में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को इस पहल के लिए प्रत्येक जिले से पांच-पांच ऐसे सरपंचों की पहचान करने तथा 104 हेल्पलाइन के माध्यम से केवल एक बेटी वाले परिवारों के लिए परामर्श सत्र आयोजित करने के लिए भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बाल विकास विभाग के अधिकारियों को जिले में लिंगानुपात को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) गतिविधियों को बढ़ाने का भी निर्देश दिए। उन्होंने लैंगिक समानता के महत्व और लिंगानुपात में सुधार की आवश्यकता के बारे में समुदायों को शिक्षित करने के लिए जागरूकता वैन चलाने का सुझाव दिया। इसके अलावा जिले के सिनेमाघरों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पहल के बारे में लघु फिल्में दिखाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बालिका के जन्म का जश्न मनाने के लिए कुआं पूजा जैसी प्रथाओं को भी बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।