इस्माईलाबाद। अंबाला-हिसार हाईवे पर गंगहेड़ी बस स्टैंड पर मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोशों ने रिवाल्वर तानकर महिला से एक कान की बाली छीन ली। महिला उस समय अपने दोनों बच्चों के साथ बस से उतरकर सहेली से मिलने जा रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद नकाबपोश मोटरसाइकिल से इस्माईलाबाद की ओर भाग गए।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई देवेंद्र सिंह के अनुसार चम्मू कलां निवासी बेअंत कौर ने बताया कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ सहेली से मिलने गंगहेड़ी जा रही थी। बस से गंगहेड़ी बस स्टैंड पर उतरते ही मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश उसके पास पहुंचे और रिवाल्वर तान दी इसके बाद वे महिला की कान की बालियां छीनने लगे। महिला और उसके बच्चों ने विरोध किया, लेकिन बदमाश एक कान की बाली छीनकर भाग गए। महिला को चिकित्सकीय जांच के लिए पिहोवा भेजा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उनका कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।