लाडवा। कस्बे के गांव निवारसी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाया और लाखों के जेवरों व विदेशी मुद्रा पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं चोर घर व रसोई में रखा अन्य जरूरत का सामान भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप कौर ने बताया कि उसके पास दो बेटियां है और दोनों विदेश में रहती है। लगभग डेढ़ वर्ष पहले जून 2023 में वह अपनी छोटी लड़की मनजिंद्र कौर के पास कनाडा में गई थी और घर को अच्छी तरह बंद कर ताला लगा कर गई थी। इस दौरान उसका घर बंद पडा था और घर में कोई नहीं था। 28 जनवरी मंगलवार को सुबह लगभग पांच बजे वह अपने घर निवारसी में पहुंची। जैसे ही उसने अपने घर का दरवाजा खोला तो घऱ का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने अपने सामान को चैक किया तो घर में जेवर समेत विदेशी मुद्रा चोरी कर ली। इसके साथ ही चोरों ने रसोई का सामान भी नहीं छोड़ा उसे भी चुरा ले गए। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।