एंटी नारकोटिक सेल के थाने से अफीम के साथ पकड़ी गई आरोपी महिला बाथरूम की खिड़की से फरार हो गई, जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। आरोपी महिला की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास और सार्वजनिक स्थान पर जांच भी की लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई पता नही चल पाया था।
एएनसी की टीम ने आठ सितंबर को पिपली बस अड्डे के पास से आरोपी ज्ञाना देवी निवासी फकीराबाद जिला बदायूं यूपी को दो किलो 630 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। महिला आठ दिन के पुलिस रिमांड पर चल थी। टीम ने आरोपी महिला की शिनाख्त पर अफीम सप्लाई करने के आरोपी प्रमोद निवासी नवाब गंज गोटिया जिला बदायूं को गिरफ्तार कर अदालत से 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पूछताछ के बाद टीम ने आरोपी प्रमोद को हवालात में बंद कर दिया, जबकि आरोपी ज्ञाना देवी को महिला सिपाही की निगरानी में रखा गया। सुबह सभी कर्मचारी नहाने व शौच के लिए चले गए। इसी दौरान ज्ञाना देवी ने शौचालय जाने के लिए महिला सिपाही से विनती की। महिला सिपाही उसे वहां कोई महिला शौचालय न होने के चलते प्रभारी के कमरे में बने बाथरूम में ले गई। काफी देर तक वह बाहर नहीं आई तो महिला सिपाही ने बाथरुम का दरवाजा खटखटाया गया, मगर अंदर से आवाज नहीं आई। बाथरुम का धक्का मारकर दरवाजा खोला तो अंदर खिड़की खुली हुई मिली। ज्ञाना देवी खिड़की से कूदकर फरार हो चुकी थी।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, शाहाबाद अड्डा, पिपली बस अड्डा, लाडवा, पिहोवा में तलाश की, मगर उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
अस्पताल से भागे कैदी का भी आज तक सुराग नहीं
उधर, अस्पताल के कैदी वार्ड से भागे आरोपी हैप्पी निवासी गीता कॉलोनी शाहाबाद का भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 साल की सजा काट रहा कैदी हैप्पी गत माह चार-पांच अगस्त की रात को गार्द को चकमा देकर फरार हो गया था। उसे भगाने में मदद करने वाले दो आरोपियों को सीआईए-दो की टीम पकड़ चुकी है, मगर हैप्पी का कोई सुराग नहीं लगा है।