कुरुक्षेत्र। गीता कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने हाल ही में शिक्षा भारती विद्यालय रामनगर रोहतक में आयोजित 36वें प्रांतीय खेलकूद समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 10वीं की तपस्या ने कुश्ती में पहला स्थान प्राप्त किया और नौवीं की भाविका ने जूडो में प्रथम स्थान हासिल किया। योगासन में छठी की युवानी, आठवीं की मन्नत, दिव्यांशी, प्रियांशी और 10वीं की साक्षी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सबको गौरवान्वित किया। प्रधानाचार्या सुमन बाला ने विजेता छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सेवा भारती हरियाणा प्रदेश की ओर से गौमय स्वावलंबी यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तरुण जैन और श्रुति ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। तरुण जैन ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल गोमाता का संरक्षण नहीं, बल्कि गो आधारित उत्पादों के जरिए आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना भी है। इस दौरान उन्होंने वक्ताओं पंचगव्य उत्पादों के निर्माण, प्रचार और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि गोमूत्र अर्क रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है, वहीं गोबर से बनी धूपबत्ती, दीपक, मूर्तियां, जैविक खाद और कीटनाशक पर्यावरण हितैषी और उपयोगी हैं। इस दौरान कक्षा 10वीं की सरगम ने तीज के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे प्रेम व समर्पण का प्रतीक बताया। वहीं कक्षा 10वीं की प्रज्ञा ने माता पार्वती और भगवान शिव की कथा सुनाई। छात्राओं ने हरियाणवी और पंजाबी लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिशु वाटिका के नन्हे बच्चों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।