संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा अंतरराष्ट्रीय एनिमेशन दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा समापन समारोह में 27 अक्टूबर को बतौर मुख्यातिथि पुरस्कृत करेंगे। वहीं इस कार्यक्रम का उद्घाटन 26 अक्टूबर को कुवि कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल करेंगे।
संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि यह अपने तरह का पहला आयोजन होगा, जो विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और निखारने का अवसर प्रदान करेगा। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन देने और उनके कार्यों को विश्वविद्यालय से बाहर व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से ही यह प्रयास किया गया है। प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि आयोजन में एनिमेशन और डिजाइन के क्षेत्र में विद्यार्थियों की रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने के लिए 11 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 3डी सीन डिजाइन, लघु फिल्म निर्माण, ब्रांड डिजाइन, डिजिटल पोस्टर, एक्सपेरिमेंट आर्ट (जिसमें विद्यार्थी अनुपयोगी वस्तुओं से कैरेक्टर बनाएंगे), फेस पेंटिंग और रील मेकिंग जैसी विधाएं शामिल हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए कई दिनों से विद्यार्थी और शिक्षक पूरी तैयारी में जुटे हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए शिक्षकों की 13 समितियां बनाई गई हैं। ये समितियां मुख्य अतिथि के स्वागत, प्रदर्शनी, पुरस्कार वितरण, मंच संचालन, रील मेकिंग, लाइट और साउंड की सभी व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाल रही हैं।