प्रदीप पिलानिया
कुरुक्षेत्र। गांव सांवला के चर्चित राजकुमार हत्याकांड की जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी की सोशल मीडिया पर युवक राजकुमार की पत्नी से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे कथित प्रेम संबंध में बदल गई और जब साथ रहने की तमन्ना पूरी नहीं हुई तो महिला ने पति को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच दी। इस मामले में पुलिस आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मोहित और महिला की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों कथित तौर पर एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने कई बार घर छोड़कर नई जिंदगी शुरू करने की कोशिश भी की। हर बार परिवारों के कारण योजना सफल नहीं हो सकी। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने ऐसा रास्ता चुना, जिसने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
थाना सदर प्रभारी रणधीर सिंह के अनुसार आरोपी मोहित करीब दो वर्ष तक दुबई में काम करता रहा और चार माह पहले ही गांव लौटा था। पुलिस का कहना है कि भारत लौटने के बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे और कथित तौर पर हत्या की योजना पर काम करते रहे। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मृतक की पत्नी को भी साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। संवाद
बॉक्स
बच्चों का भी नहीं रहा ख्याल
आरोपी महिला 40 साल की वह उसके एक बेटा व एक बेटी है। बेटा बाहरवीं पास कर चुका है। वह बेटी 17 की उम्र 17 वर्ष की है। वहीं महिला ने जिस मोहित से प्यार किया वह उससे करीब 12 साल छोटा है। इस वारदात की परतें खुलने के बाद पूरे दिन गांव में यह ही चर्चा रही की उसे अपनी उम्र व अपने बच्चों की उम्र का तो लिहाज करना चाहिए था। उसके बच्चे अब शादी करने की दहलीज पर खड़े है।
बॉक्स
पहले दोस्ती... फिर भरोसा... और आखिर में मौत
पुलिस जांच में सामने आया कि दुबई से लौटने के बाद मोहित ने राजकुमार से भी नजदीकियां बढ़ा ली। दोनों साथ बैठने और मिलने-जुलने लगे। इसी दौरान राजकुमार को पत्नी और मोहित के बीच कथित संबंधों पर शक हुआ। उसने कई बार मोहित को पत्नी से दूरी बनाने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि राजकुमार ने अपने पिता को भी अपनी आशंका बताई थी। उसने कहा था कि उसे डर है कि कहीं मोहित उसे रास्ते से न हटा दे। पुलिस का दावा है कि कुछ ही दिनों बाद उसकी यह आशंका सच साबित हो गई।
बॉक्स
दुकान से बुलाया... खेतों में शराब पिलाई... फिर घोंट दिया गला
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की रात मोहित एक बच्चे के माध्यम से राजकुमार को उसके पिता की दुकान से बुलाकर बाइक पर खेतों में ले गया। वहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद कथित तौर पर परने से उसका गला घोंट दिया गया। हत्या के बाद शव को गांव के गुरुद्वारे के पास खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर फेंक दिया गया। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
बॉक्स
मोबाइल, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
थाना थानेसर प्रभारी रणधीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। आरोपियों से पूछताछ के अलावा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्हाेंने बताया कि आरोपी मोहित से वारदात में प्रयोग मोटरसाइकिल भी बरामद करनी है। वह दोनों से अलग-अलग पूछताछ करने के बाद जरूरत पड़ने पर सच जानने के लिए आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की जा सकती है। संवाद