कुरुक्षेत्र। आज बुधवार को सरकारी तौर पर गेहूं खरीद शुरू होनी है लेकिन उम्मीद व जरूरत के अनुसार अनाज मंडियों में तैयारियां नहीं हो पाई हैं। न बारदाना पहुंचा है और न ही पर्याप्त साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं ही पूरी हो पाई हैं।
एक दिन पहले मंगलवार को अनाज मंडियों में खामियों को दुरूस्त किए जाने के प्रयास किए गए। दिनभर बैठकों का दौर भी चलता रहा। दावा किया जा रहा है कि खरीद से लेकर उठान तक के लिए सभी एजेंसियां तय की जा चुकी हैं। वहीं टेंडर भी जारी कर काम सौंपे जा चुके हैं। मौसम में बदलाव के कारण फिलहाल मंडियों में गेहूं की आवक संभव नहीं लग रही। माना जा रहा है कि करीब एक सप्ताह बाद ही आवक शुरू होगी।
नाले अटे, शौचालयों पर लटके ताले
जिले की सबसे मुख्य थानेसर नई अनाज मंडी में ही व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरूस्त नहीं हैं। नाले गंदगी व कचरे से अटे पड़े हैं, वहीं शौचालयों में भी मंगलवार को मरम्मत कराई गई, जिसके बाद इन पर ताले लगा दिए गए। हालांकि पीने के पानी की सुविधा दुरूस्त कराई जा चुकी है। ऐसे ही हालात जिले की अन्य अनाज मंडियों में बने हुए हैं।
किसानों के सत्यापन के लिए मशीनें पहुंची, इंस्टाॅल नहीं
इस बार गेहूं खरीद नए नियमों के अनुसार की जानी है जिसमें गेट पर ही किसानों का सत्यापन होगा। इसके लिए अनाज मंडियों में मशीनें पहुंच चुकी हैं लेकिन अधिकतर स्थानों पर इंस्टाॅल नहीं की जा सकी। यह मशीनें संबंधित कर्मियों के मोबाइल से भी कनेक्ट होंगी और साफ्टवेयर भी तैयार किया गया है। हालांकि अधिकतर मंडियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। मंगलवार को भी गेहूं उठान के लिए टेंडर जारी किए गए।
डीएफएससी बोले- पूरी तैयारी
डीएफएससी नरेश कुमार ने कहा कि गेहूं खरीद के लिए तैयारी पूरी की जा चुकी है। किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मंडियों और खरीद केंद्रों के अनुसार नियुक्त किए नोडल अधिकारी
जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक ली। इसमें स्पष्ट किया गया कि सीजन में गेहूं खरीद कार्य, उठान, भंडारण व अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नजर रहेगी। इन नोडल अधिकारियों के साथ-साथ मार्केट कमेटी के सचिव, निरीक्षक के साथ-साथ अन्य अधिकारियों की भी ड्यूटी रहेगी।
इसके लिए पिपली मंडी के लिए एडीसी विवेक आर्य, कुरुक्षेत्र, अमीन, किरमच, बारना व लुखी के लिए एसडीएम अमन कुमार, पिहोवा, एक्सटेंशन मंडी पिहोवा, गुमथला गढू व थाना के लिए एसडीएम पिहोवा अनिल कुमार दून, भौर सैयदा के लिए नायब तहसीलदार सागर मल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
उन्होंने कहा कि बोधनी, कराह साहब, नीमवाला व ईशाक के लिए तहसीलदार पूनम सोलंकी, इस्माईलाबाद, मलिकपुर व ठोल के लिए नायब तहसीलदार बलविन्द्र, झांसा, अजराना कला व शाहाबाद के लिए सीईओ जिला परिषद शंभू राठी, नलवी, चढुनी जाटान के लिए तहसीलदार नवनीत, लाडवा व बाबैन मंडी के लिए एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता व नायब तहसीलदार गीता राम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इन सभी नोडल अधिकारियों के साथ 5 से 10 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कुरुक्षेत्र। थानेसर नई अनाजमंडी में साफ-सफाई करते कर्मी। संवाद