कुरुक्षेत्र। शादी समारोह में अब डेकोरेशन का चलन तेजी से बदल रहा है। पहले जहां एक ही तरह की सजावट होती थी, वहीं अब हर छोटे-बड़े कार्यक्रम मेहंदी, हल्दी, तेल, संगीत, वेडिंग और रिसेप्शन की अलग थीम-बेस्ड डेकोरेशन कराई जा रही है।
बदलते ट्रेंड और सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण लोग शादी को यादगार बनाने के लिए आकर्षक फ्लावर सेटअप, एलईडी लाइटिंग और क्रिएटिव इंस्टॉलेशन पर खास ध्यान दे रहे हैं। डेकोरेशन व्यवसायी सतबीर कुमार का कहना है कि तीन से चार वर्षों में डेकोरेशन सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। अब ग्राहक सिर्फ पारंपरिक सजावट नहीं चाहते, बल्कि हर रस्म के अनुसार अलग माहौल तैयार करने की मांग करते हैं। हल्दी के लिए पीले और हरे रंग पर आधारित सेटअप, मेहंदी के लिए राजस्थानी थीम, जबकि वेडिंग के लिए रॉयल फ्लावर डेकोर सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
डेकोरेटर कपिल ने बताया कि पहले शादी का पूरा डेकोरेशन 20 से 40 हजार रुपये में हो जाता था, लेकिन आजकल थीम-बेस्ड सेटअप 50 हजार से दो लाख रुपये तक में तैयार किया जाता है। लोगों की पसंद और बजट दोनों बढ़े हैं। इससे कारोबार में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। सोशल मीडिया पर सुंदर सजावटों की तस्वीरें देखकर ग्राहक भी ऐसे ही सेटअप की मांग करते हैं।
बढ़ती मांग ने युवाओं को भी इस फील्ड में आने का अवसर दिया है। कई नए स्टार्टअप छोटे पैमाने पर डेकोरेशन सर्विस शुरू कर रहे हैं और अच्छी कमाई कर रहे हैं। अब शादी ही नहीं जन्मदिन, सालगिरह जैसे समारोह पर भी डेकोरेशन करवा रहे हैं।