वर्ष के आखिरी सप्ताह में बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही थी। इसके विपरीत सोमवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे न्यूनतम तापमान बढ़कर 8 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह 8 बजे ही सूर्यदेव चमकने लगे थे और दिनभर उनकी चमक कायम रही। खिली धूप के कारण लोगों को ठंड से राहत मिली तो लोग भी घरों से बाहर निकले और सुहावने मौसम का खूब आनंद लिया। पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ भी देखने को मिली। वहीं बाजारों में भी दिनभर रौनक लगी रही।
बता दें कि रविवार को जिले के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जिससे तापमान का आंकड़ा लुढ़ककर दो से तीन डिग्री नीचे आ गया। इस दौरान इस्माईलाबाद में एक एमएम व थानेसर में 0.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया था। रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री व न्यूनतम सात डिग्री रहा। वहीं आसार जताए जा रहे थे कि अगले कुछ दिनों में ठंड यूं ही रहेगी वहीं सोमवार से बारिश की आशंका भी जताई गई थी, जिससे तापमान में भारी गिरावट का अंदेशा लगाया जा रहा था, मगर राहत की बात रही कि मौसम साफ हो गया। सोमवार को दिनभर धूप निकली रही। अगले दिनों में भी मौसम साफ रहने व धूप निकलने के आसार जताए जा रहे हैं। दिनभर की धूप के कारण अधिकतम में तीन डिग्री इजाफा तथा न्यूनतम तापमान भी बढ़कर सात डिग्री हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार को बादल छाए रहने की संभावनाए है। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहेगा।
उधर, कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि गन्ने व गेहूं की फसल को ठंड से फायदा होगा, जबकि आलू, टमाटर, बैंगन व मिर्च आदि सब्जियों की फसल को पाले से बचाने के लिए हल्की सिंचाई करते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि शाम 7 बजे के बाद यदि हवा चलनी बंद होगी तो रात को पाला पड़ने की संभावनाएं बढ़ जाती है। पाला पड़ने का समय रात 12 से 2 बजे तक होता है। सब्जी की फसल को पाले से बचाने के लिए पराली या कचरे से धुआं किया जा सकता है, जिससे सब्जी की फसल प्रभावित नहीं होगी।