कुरुक्षेत्र। प्राचीन कालेश्वर तीर्थ में जल प्रवाह की व्यवस्था का शुभारंभ निजी संस्थान के निदेशक नवकेतन गोयल (बब्बी) एवं सुरेंद्र सुधा (काका) ने किया। दोनों ने तीर्थ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्यूबवेल दान स्वरूप लगवाया है। मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा और प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा के नेतृत्व में सदस्यों ने वेदमंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया, इसके बाद दोनों ने भगवान कालेश्वर की पूजा कर जलाभिषेक किया।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से तीर्थ का जीर्णोद्धार करवाया था लेकिन जलभराव की व्यवस्था नहीं होने से तीर्थ सूखा था। अब ट्यूबवेल लगने से श्रद्धालुओं को स्नान और आचमन के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध होगा। दोनों यजमानों ने बताया कि श्रावण मास में विशेष आरती के दौरान उन्होंने ट्यूबवेल लगवाने का संकल्प लिया था, जो भगवान कालेश्वर के आशीर्वाद से पूरा हुआ है।