सोमवार सुबह हुई मात्र आठ एमएम बारिश से आंबेडकर चौक स्थित दुकानों में पानी घुस गया। सेक्टर-17 की सड़कें व पार्किंग पानी से लबालब हो गई। पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र परिसर और साथ लगती सड़क फिर से पानी नदी की तरह बहा। इतना ही नहीं पिपली के नजदीक पिपली थर्ड गेट मार्ग पर सिंधी स्वीट हाउस के समीप नाला ओवर फ्लो हो गया, जिससे की साथ लगती सड़क जलमग्न हो गई। इस दौरान कई दोपहिया वाहन चालक यहां गिर भी गए। यह सब तब हुआ जब दो दिन पहले शुक्रवार को विधायक सुभाष सुधा निकासी को लेकर कई जगह का निरीक्षण करने के बाद दावा किया था कि निकासी का पूरा प्रबंध कर दिया गया है अब पिपली से थर्ड गेट तक किसी को बारिश के दौरान समस्या नहीं आएगी। लेकिन सोमवार सुबह जैसे ही बारिश शुरू हुई हालात फिर से बिगड़ने शुरू हो गए। पिपली-थर्ड गेट सड़क सहित शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। थानेसर बाजार की सड़कें हमेशा की तरह पानी से भरी नजर आईं। वहीं पटियाला बैंक कॉलोनी, पिपली अनाज मंडी, पिपली चौक, राजेंद्र नगर कुटिया वाली सड़क, गौशाला बाजार, छोटा बाजार, सेक्टर-13, वार्ड नौ सहित कई एरिया में हालात बिगड़ गए। हालांकि नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर रूप रविंद्र बिश्नोई व संजय ने टीम के साथ सुबह ही मोर्चा संभाला। 100 कर्मचारी और चार जनरेटर को अलग-अलग एरिया में निकासी के लिए लगाया गया। सेनेटरी इंस्पेक्टर ने बताया कि बारिश के दौरान बिरला मंदिर, गीता धाम, आनंद अस्पताल व झांसा रोड पर समस्या आई थी। जिसके लिए दो जनरेटर बिरला मंदिर, 1 गीता धार और एक सलारपुर रोड पर लगवाया गया। वहीं 100 कर्मचारी मेहनत से कार्य में जुटे रहे। एक घंटे के भीतर पानी की निकासी हो गई।
पिपली के समीप सिंधी स्वीट हाउस के पास नाले का पानी ओवरफ्लो हो गया। दुकानदार सचिन ने बताया कि इस नाले की कुछ दिन पहले नामात्र सफाई हुई थी। आगे चलकर बिजली घर के समीप अभी भी देख लो नाले में कितनी घास उगी हुई है और कितनी गंदगी अटी हुई है। यहां हर बारिश में हालात खराब होते हें।
जैसे ही बारिश से सड़कें फिर जलमग्न हुई विधायक सुभाष सुधा सुबह ही प्रबंधों का निरीक्षण करने के लिए फील्ड में पहुंचे। यहां पर विधायक ने खुद पाया कि अभी भी कई जगहों पर पानी निकासी सही तरीके से नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि पिपली से थर्ड गेट तक तथा शहर के अन्य प्रभावित 13 क्षेत्रों में पानी निकासी के प्रबंध किए जा चुके है। इनमें से 2-3 जगहों पर अभी भी कुछ समस्या आ रही थी और यह समस्या भी पॉलीथिन के कारण थी और कई जगहों पर प्रबंध भी ठीक नहीं थे। नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर प्रबंध करने के आदेश दे दिए हैं। आमजन को किसी भी सूरत में दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
सुबह के समय बारिश से अधिकतम तापमान लुढ़ककर 29 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था। हालांकि मौसम में उमस बरकरार रहने से गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। दोपहर 12 बजे के बाद सूर्य देव ने भी दर्शन दे दिए, जिससे अधिकतम तापमान बढ़कर फिर से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग अनुसार आज मंगलवार को बारिश की 80 और बुधवार को 100 प्रतिशत संभावना है। आज अधिकतम तापमान लुढ़ककर 30 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस पर आएगा। वहीं बुधवार को भारी बारिश से अधितम 27 और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया जाएगा। उससे आगे के आठ दिन भी गर्मी से राहत देने वाले रहेंगे। चार अगस्त तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।
आंबेकडर चौक स्थित दुकानदार अशोक ने कहा कि सड़क का लेवल ऊंचा होने के कारण हर बारिश में यहां स्थित सात दुकानों में पानी भर जाता है। हालांकि दुकानों के आगे नाले का एक प्वाइंट है, लेकिन इसका पाइप छोटा होने के कारण पानी ठीक से नाले में नहीं जा पाता, जिससे काफी परेशानी होती है। मामले में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ को भी कई बार बोल चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।