कुरुक्षेत्र। नए बस अड्डे पर पिछले तीन दिनों से पेयजल का संकट गहराया हुआ है। यात्रियों से लेकर कर्मचारियों के लिए पेयजल नहीं है इतना ही नहीं यहां पानी की समस्या होने से शौचालय तक सूने हो गए हैं। जिन पर ताला लटका दिया गया है तो वहीं डिपो वर्कशॉप में भी बसें धुलाई से लेकर अन्य कार्य भी ठप हो गए हैं। पेयजल के लिए यात्री व कर्मचारी भटकने लगे हैं। जब समस्या ज्यादा बढ़ी तो पानी का टैंकर मंगाया गया इसके बाद कुछ राहत मिली। पेयजल संकट के पीछे विभाग की जलापूर्ति ठप होना माना जा रहा है।
गर्मी के मौसम में यात्रियों को न ही पीने का पानी मिल पा रहा है और न ही शौचालय सेवाएं, जिससे दिनभर यात्रियों के लिए परेशानी बनी रही जबकि बस अड्डे पर बने शौचालयों में पानी न होने के चलते स्थिति बिगड़ी तो डिपो की ओर से शौचालयों को ताला लगाने पर मजबूर होना पड़ा। बस अड्डे के शौचालयों पर ताला लगा हुआ देखकर यात्री हैरान नजर आए और बिना शौचालय का प्रयोग किए ही बैरंग लौटने को मजबूर रहे हालांकि डिपो की ओर से पानी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक टैंकर पानी का भी मंगवाया गया था, लेकिन फिर भी यात्री पीने के पानी की बोतलें दुकानों से खरीदते दिखाई दिए। उधर पानी की किल्लत के चलते डिपो में काम करने वाले कर्मचारियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा, जिससे बसों की धुलाई का काम जहां पूरी तरह से बंद रहा तो वहीं डिपो की वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारी भी पानी के टैंकर पर हाथ साफ करते दिखाई दिए। पिछले तीन दिनों से पानी का संकट होने का कारण ट्यूबवेल की मोटर खराब होना बताया जा रहा है, जिसके लिए डिपो की ओर से ट्यूबवेल मोटर को ठीक कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पानी न होने से हुई परेशानी : धर्मबीर
यात्री धर्मबीर सिंह का कहना है कि वे यमुनानगर के लिए सफर करने के लिए बस अड्डे पर आए थे लेकिन शौचालय के लिए जब गए तो शौचालय के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, पता किया तो पता चला की पानी की समस्या के चलते बंद किया गया है। शौचालय की सुविधा न होने से दिक्कत हुई।
मोटर को कराया जा रहा दुरुस्त : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि डिपो में पानी की सप्लाई ट्यूबवेल की मोटर खराब होने के चलते हुई हैं। ट्यूबवेल की मोटर को दुरुस्त कराया जा रहा है। यात्रियों को पानी की समस्या नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त पानी के टैंकर मंगाए जाएंगे।