कुरुक्षेत्र। रोडवेज कर्मचारी एक बार फिर सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। 15 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनने के बावजूद मुख्यालय की ओर से समाधान संबंधी आधिकारिक परिपत्र जारी नहीं होने से कर्मचारियों में रोष है। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने चेतावनी दी है कि 25 नवंबर को परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ होने वाली बैठक में यदि मांगों का समाधान पत्र जारी नहीं हुआ तो रोडवेज साझा संघर्ष मोर्चा निर्णायक आंदोलन शुरू करेगा।
विज्ञापन
मोर्चा सदस्य एवं यूनियन के प्रदेश महासचिव बलदेव सिंह मामू माजरा ने बताया कि आंदोलन की रणनीति को लेकर राज्य प्रधान मायाराम उनियाल, उपप्रधान धर्मेंद्र कादयान, कैशियर रघुवीर पंजाबी और अनुशासन समिति अध्यक्ष हरिनारायण शर्मा के साथ बैठक हो चुकी है। उन्होंने कर्मचारियों से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मांगों पर सहमति के बावजूद परिपत्र जारी न होना चिंता का विषय है। इस बार ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार की होगी।