कुरुक्षेत्र। रैली निकालते हुए स्वयंसेवक सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी। संवाद
कुरुक्षेत्र। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झांसा में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की ओर से एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। इसमें स्वयंसेवकों ने स्वच्छता रैली के माध्यम से स्वच्छता से संबंधित गांव के लोगों को जागरूक किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों को सेवा योजना से जोड़कर समाज के लिए कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
धर्म नगरी में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागृत करने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा स्वयं कुरुक्षेत्र में सफाई अभियान में शामिल होने के बाद सामाजिक स्वयंसेवी एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने भी अपना योगदान दिया है। इसी क्रम में प्रधानाचार्य श्री राजकपूर ने भी स्कूल में सभी स्टाफ के सदस्य व बच्चों का ध्यान सफाई व स्वच्छता की ओर केंद्रित किया। विद्यालय के करीब 100 स्वयंसेवकों ने कैंप में स्कूल परिसर की साफ-सफाई के साथ अलग-अलग गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम में गीत, कविताएं, भाषण प्रतियोगिता और खेलकूद प्रतियोगिताओं को आयोजन किया गया। सामाजिक मुद्दों पर चर्चा में विद्यार्थियों ने अपने-अपने विचार सांझा किए। इसके साथ ही बच्चों ने भाषण प्रतियोगिता में स्वच्छता से संबंधित, सड़क सुरक्षा तथा राष्ट्र सेवा से संबंधित विषयों पर अपने-अपने विचार सांझा किए। प्रधानाचार्य राजकपूर ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देता है, जिससे विद्यार्थियों को आने वाले समय में जिम्मेदार बनने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर रामेश्वर दास, महेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, रितिका, मंजू कंबोज सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।