कुरुक्षेत्र। विदेश जाने के इच्छुक लोगों को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचाने व जागरूक करने के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अक्सर विदेश जाने के इच्छुक लोग फर्जी ट्रैवल एजेंटों का शिकार बनकर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। ऐसे में वीजा लगवाने से पूर्व एजेंट के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लें और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंट की ही सेवाएं लें।
फर्जी ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की जरूरत है। विदेश जाने की इच्छा का फायदा उठाकर फर्जी ट्रैवल एजेंट वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विज्ञापन के द्वारा लोगों से संपर्क करते हैं। काफी मामलों में एजेंट लोगों को अवैध तरीके से सीमावर्ती दूसरे देशों में भेज देते हैं, जहां से जंगलों, समुंदर के रास्तों, सड़क व पैदल नावों आदि के द्वारा गैर कानूनी तरीके से सीमा पार करवाते हैं। इस यात्रा के दौरान बहुत से लोगों की ठंड के कारण, जहरीले जानवरों के काटने से, नाव डूबने व कंटेनर में दम घुटने से मृत्यु हो जाती है। कई बार विदेश गए लोगों के पासपोर्ट आदि दस्तावेज अपराधियों द्वारा छीन लिए जाते हैं और उनसे डरा धमकाकर गलत कार्य करवाएं जाते हैं।