कुरुक्षेत्र। जनवादी लेखक संघ कुरुक्षेत्र की ओर से 20 जुलाई को डॉ. ओपी ग्रेवाल अध्ययन संस्थान कैलाश नगर में स्वर्गीय विमल वर्मा स्मृति सभा और कविता पाठ का आयोजन किया जाएगा। ये कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा। इस कार्यक्रम में उनके बेटे आलोक वर्मा सपरिवार शिरकत करेंगे। ये जानकारी जनवादी लेखक संघ के प्रदेश महासचिव सरदानंद राजली ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध जनवादी आलोचक, संपादक और अध्यापक विमल वर्मा का 18 जून को पंजाब के मोहाली (जीरकपुर) में निधन हो गया था। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और चंडीगढ़ पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। मूलत: पश्चिम बंगाल में कार्यरत रहे विमल वर्मा, जनवादी लेखक संघ की केंद्रीय इकाई के संस्थापक सदस्य भी थे। इस आयोजन में वक्ता उनके साहित्यिक योगदान, आलोचना-कर्म और जनवादी आंदोलन में भूमिका पर विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय रचनाकारों की ओर से कविता पाठ भी किया जाएगा। यह सभा विमल वर्मा को स्वर्गीय साहित्यिक श्रद्धांजलि देने का एक सशक्त प्रयास है।