पिहोवा। ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी की लगातार घटनाओं के बीच किसानों की सतर्कता से एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया। किसानों का आरोप है कि युवक चोरी की गई केबल लेकर जा रहा था। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
इस्हाक गांव निवासी किसान बलजीत सिंह शुक्रवार रात अपने खेतों की ओर जा रहे थे। स्योंसर गांव के पास उन्हें एक युवक सिर पर कट्टा लेकर जाता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर किसान ने उसे रोककर पूछताछ की। युवक कट्टे में रखे सामान के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। शक गहराने पर कट्टे की तलाशी ली गई, जिसमें ट्यूबवेल की कटी हुई बिजली की केबल मिली। युवक कट्टा छोड़कर भागने लगा, लेकिन बलजीत सिंह के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने मौके पर ही डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में लिया और थाने ले गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पकड़ा गया युवक स्योंसर गांव का रहने वाला है। पिहोवा सदर थाने के प्रभारी निरीक्षक ने इस मामले को सीआईए को सौंप दिया है। किसान पुलिस से मांग कर रहे हैं कि यह पता लगाया जाए कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी था। किसानों ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर केबल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।