कुरुक्षेत्र। शहर की पाश काॅलोनी सेक्टर सात में एसपी आफिस से महज 500 मीटर की दूरी पर वीरवार की रात एडवोकेट बलवंत सिंह के घर में तीन करोड़ की बड़ी लूट हो गई। बलवंत सिंह जैसे ही अपने कुत्ते को घुमाने के लिए निकले, वैसे ही हथियारों से लैस चार बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने सिर पर पिस्तौल तानकर वकील की पत्नी सुषमा को बंधक बना लिया। थोड़ी देर बाद बलवंत सिंह के वापस आने पर उन्हें भी गन प्वाइंट पर लेकर उनसे ही तिजोरी खुलवाई और पौने दस से सवा ग्यारह बजे तक डेढ़ घंटा लूटपाट को अंजाम दिया।
30 साल से वकालत कर रहे बलवंत सिंह ने बताया कि बदमाश 17 से 20 लाख कैश, लगभग दो किलो सोने और चार किलो चांदी के जेवरात, मूर्तियां और कीमती बर्तन लूट ले गए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने कहा कि पांच महीने पहले तुम्हारे घर से 50 लाख ही मिले थे। इस बार 80 लाख लूटने हैं। वे जाते हुए धमकी दे गए कि अगर पुलिस को बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। इतना ही नहीं, फिर से आने की भी धमकी दे गए। जाते समय चार सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। हालांकि, एक कैमरे की डीवीआर अलग थी। यह बच गई। इसी में घटनाक्रम कैद हो गया।
बलवंत सिंह ने घटनाक्रम के बारे में बताया कि वह जैसे ही कुत्ता घुमाकर लौटे तो देखा कि गेट खुला है। अंदर पहुंचे तो दृश्य देखकर सन्न रह गए। बदमाशों ने पत्नी के हाथ और पांव टेप से बांधकर बिस्तर पर उल्टा लिटा दिया था। एक बदमाश सिर पर पिस्तौल ताने खड़े था। बलवंत सिंह का कहना है कि उन्हें देखते ही बदमाशों ने उन पर भी पिस्तौल तान दी। उनसे उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर छीन ली। एक बदमाश ने घर के अंदर रखे 30 कारतूस निकालकर अपनी जेब में रख लिए। जाते समय रिवाल्वर और मोबाइल फोन दूसरे कमरे में फेंक गए। जाते समय घर का दरवाजा बाहर से बंद कर गए।
पड़ोसियों ने आकर खोला गेट
बलवंत सिंह ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने पड़ोसियों से मदद मांगी लेकिन आवाज उन तक नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसे में उन्होंने कमरे में लगे पर्दे की पाइप निकाली। इसे पड़ोसियों के घर में फेंका। पाइप गिरने का शोर सुनकर पड़ोसी आए। उन्होंने उनके घर का दरवाजा खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इसमें 15 मिनट का समय लगा। सूचना के 15 मिनट बाद पुलिस आई और बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग तक नहीं लगा। फुटेज देखकर पुलिस ने बताया कि बदमाशों की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
20 मार्च को हुई थी चोरी
बलवंत सिंह ने बताया कि उनके घर में 20 मार्च को 50 लाख की चोरी हुई थी। उस समय पत्नी अस्पताल में भर्ती थी। वह उन्हें देखने के लिए गए हुए थे। घर पर कोई नहीं था। थानेसर सिटी थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई थी लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है।
सीएम को लिखा पत्र
बलवंत सिंह ने बताया कि सीएम नायब सिंह सैनी का आवास उनके आवास से दो किलोमीटर की दूरी पर है। इस लिहाज से यह क्षेत्र वीवीआईपी है। इसके बावजूद पुलिस सुरक्षा में ढिलाई बरत रही है। चोरी का खुलासा नहीं किया और अब लूट भी हो गई। उन्होंने दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए सीएम को पत्र लिखा है।
लूट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए सीआईए की टीम को भी लगाया गया है। पुलिस की कोशिश है कि जल्द ही खुलासा कर दिया जाए - गुरविंद्र सिंह, डीएसपी
कुरुक्षेत्र। वारदात की जानकारी देते हुए एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया व मौके पर पहुंच शहर थाना प्रभ
कुरुक्षेत्र। वारदात की जानकारी देते हुए एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया व मौके पर पहुंच शहर थाना प्रभ