कुरुक्षेत्र। सीआईए-एक ने विक्की सोढ़ी गिरोह के एक सदस्य को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। जांच करने पर देसी कट्टे से एक कारतूस भी बरामद हुआ। सीआईए ने आरोपी पारस उर्फ पोलू निवासी झांसा को गुप्त सूचना पर काबू धर दबोचा। आरोपी मार्च 2020 में भी देसी कट्टे के साथ पकड़ा गया था। सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम झांसा अनाज मंडी के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि मारकंडा पुल के पास इस्माईलाबाद की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक युवक किसी व्हीकल का इंतजार कर रहा है, जिसके पास देसी कट्टा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके से एक युवक को काबू कर पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा व कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना झांसा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर मारपीट के कई मामले दर्ज
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पोलू विक्की सोढ़ी गिरोह से ताल्लुक रखता है। पोलू के खिलाफ अलग-अलग थाने में मारपीट के कई मामले भी दर्ज है। मार्च 2020 में भी पोलू देसी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़ा गया था। कई वारदात में पोलू का नाम सामने आया है। अदालत के आदेश से आरोपी को जेल भेज दिया है।