कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में 20वां दीक्षांत समारोह 30 नवंबर को ओपन एयर थिएटर (ओएटी) में आयोजित होगा जिसमें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की चेयरपर्सन तेजस्विनी अनंत कुमार करेंगी। समारोह में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसद नवीन जिंदल बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे।
समारोह के लिए वीरवार को प्रेस वार्ता के दौरान संस्थान के निदेशक और सीनेट अध्यक्ष प्रो. बीवी रमना रेड्डी ने बताया कि 1494 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमसीए, एमएससी और पीएचडी की डिग्रियां शामिल हैं।
समारोह में डिजिटल डिग्री प्रदान की जाएंगी और 36 उत्कृष्ट छात्रों को स्वर्ण पदक मिलेगा। बीटेक के समग्र टॉपर को अलग से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। सभी विभागों के टॉपर्स, बेस्ट प्रोजेक्ट और अकादमिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
प्रतिष्ठित श्री श्याम सुंदर धिंगड़ा ओवरऑल टॉपर अवॉर्ड के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के निपुण त्रिपाठी का चयन हुआ है। बेस्ट ऑल-राउंडर अवॉर्ड में पीआईई शाखा से सुव्यश रंजन (लड़के) और कमाक्षी शर्मा (लड़कियों) को चुना गया है। समारोह के लिए संस्थान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 29 नवंबर को रिहर्सल रखी गई है जिसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों को ही अगले दिन डिग्री प्राप्त करने की अनुमति मिलेगी।
20 दिसंबर को एनआईटी में होगा पहला ग्लोबल एलुमिनाई डे
प्रो. रमना रेड्डी ने बताया कि 20 दिसंबर को संस्थान अपना पहला वैश्विक पूर्व छात्र दिवस मनाएगा। यह आयोजन पूर्व छात्रों के साथ संस्थान के संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। संस्थान पूर्व छात्रों के सहयोग से संस्थान के विकास के लिए कई परियोजनाएं बना रहा है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए गौरव का अवसर है।
कुरुक्षेत्र। प्रेसवार्ता में समारोह के बारे में जानकारी देते निदेशक प्रो. बीवी रमना रेड्डी। संव