कुरुक्षेत्र। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के बीच पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। पार्किंग स्थल उपलब्ध होने के बावजूद लोग दुकानों के सामने और सड़कों पर वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति बन रही है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
विज्ञापन
मुख्य बाजार में सीकरी चौक के पास अग्रवाल धर्मशाला और अहलुवालिया चौक के पास नगर परिषद की पार्किंग उपलब्ध है। यहां दोपहिया वाहन का दैनिक शुल्क 15 रुपये और चार पहिया वाहन का 40 रुपये निर्धारित है। वहीं मासिक पास 800 रुपये में बनता है। इसके बावजूद लोग पार्किंग में वाहन खड़े करने के बजाय दुकानों के सामने पार्किंग कर रहे हैं। दुकानदार संजीव कुमार, सतीश जैन और रोहित अनेजा ने बताया कि पिछले दस वर्षों में बाजार में ग्राहकों और वाहनों की संख्या काफी बढ़ी है। प्रशासन को बाजार की व्यवस्था नए सिरे से करनी चाहिए।