कुरुक्षेत्र। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा की कुरुक्षेत्र इकाई की ओर से रेलवे स्टेशन के निकट स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित संकल्प से सृजन विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में अग्रवाल वैश्य समाज महत्वपूर्ण योगदान देने का कार्य कर रहा है। समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी सेवा भावना है।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम वैश्य समाज के बिखरे हुए स्वरूप से निकलकर एक समन्वित और संगठित ताकत के रूप में सामने आए। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज को सामाजिक, संगठनात्मक एवं राजनीतिक रूप से मजबूत करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए सशक्त और जागरूक वातावरण तैयार करना रहा।
अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहा कि वैश्य समाज ने हमेशा देश-प्रदेश और समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है। व्यापार, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में हमारा योगदान किसी से कम नहीं रहा लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में हम आज भी पिछड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर महाराजा अग्रसेन के एक ईंट-एक रुपया के सिद्धांत के अनुरूप अब एक मत-एक आवाज की नीति पर भी चलना होगा। जब तक हमारी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक हमारी समस्याओं का समाधान अधूरा रहेगा। मुख्य वक्ता पूर्व प्रो. लालचंद गुप्त मंगल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय इतिहास में समाजवाद, समानता, करुणा और उदारता के प्रतीक माने जाते हैं। उनका जीवन दर्शन आज भी समाज को दिशा देने वाला है।
पटियाला विश्वविद्यालय और मीरपूर की इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में महाराजा अग्रसेन के नाम से चेयर स्थापित की जा चुकी है। जहां अनेक शोध व अन्य कार्यक्रमों को आयोजन किया जाता है। महासचिव राजेश सिंगला ने कहा कि समाजवाद के प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अग्रवाल वैश्य समाज ने महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर संकल्प से सृजन मुहिम की शुरुआत करते हुए समाज और राष्ट्र हित में अनेक ऐतिहासिक संकल्प लिए हैं।
संगोष्ठी में संवाद संयोजक की जिम्मेदारी सुमित गर्ग हिन्दुस्तानी ने निभाई। संगोष्ठी को महिला प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशी गुप्ता, हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री कुरुक्षेत्र चैप्टर चेयरमैन डाॅ. नरेंद्र पाल गुप्ता एवं श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान सत्य प्रकाश गुप्ता, रवि अग्रवाल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रजनीश गुप्ता, प्रदेश संगठन सचिव मुनीष मित्तल, अश्विनी जैन, जिलाध्यक्ष अशोक गर्ग ने भी संबोधित किया।