कुरुक्षेत्र। साइकिलिंग का अभ्यास करते खिलाड़ी। स्वयं
- फोटो : कोच
कुरुक्षेत्र। खेल महाकुंभ के दूसरे चरण के मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों में गजब का उत्साह है। जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी 15 अलग-अलग खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 24 से 26 सितंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। कुरुक्षेत्र में साइकिलिंग ट्रैक और रोड इवेंट का रोमांच देखने को मिलेगा।
जिले के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में अपनी तैयारी पूरी कर चुके हैं। हॉकी में 18, जूडो में 14, कराटे में 35, वॉलीबॉल में 24, कबड्डी में 25, कुश्ती में 30 और क्रिकेट में 34 खिलाड़ी जिले की ओर से मुकाबलों में उतरेंगे। इसके अलावा अन्य खेलों में भी जिले के खिलाड़ी कौशल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के बीच खेल महाकुंभ के लिए उत्साह का माहौल है। खेल मैदानों में अभ्यास जारी है और खिलाड़ी अपनी श्रेष्ठता साबित करने को तैयार हैं।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि खेल महाकुंभ के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया है और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया गया है।
साइकिलिंग का होगा आकर्षक आयोजन
साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह ने जानकारी दी कि ट्रैक इवेंट 24 और 26 सितंबर को राजीव गांधी स्टेडियम अमीन में आयोजित होंगे। रोड इवेंट थर्ड गेट से ज्योतिसर तक के मार्ग पर होंगे। इसमें प्रत्येक जिले से 16-16 लड़के और लड़कियां हिस्सा लेंगी। करीब 300 खिलाड़ी अपनी साइकिलिंग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।