कोरोना के बढ़ते मामलों से जहां स्वास्थ्य विभाग और जिले के लोग परेशान हैं। वहीं कोविशील्ड वैक्सीन लगवाने के बाद जिले के लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को तीसर चरण के तीसरे दिन वरिष्ठ नागरिकों सहित 395 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई गई।
अखिल भारतीय श्रीमार्कंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी, श्रीस्थानेश्वर महादेव मंदिर के महंत बंसी पुरी और महंत रंग नाथ पुरी अन्य साधुओं समेत कई लोग बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचे। यहां उन्होंने पंजीकरण कराने के पश्चात कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। इस दौरान महंत बंसीपुरी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कोरोना टीकाकरण एक ऐसा अभियान है, जिसके सफल होने से समूची मानवता का अनंत भला होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को समझना चाहिए कि बचाव में ही सुरक्षा है। स्वास्थ्य विभाग के इस चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को आगे आकर बिना किसी भय के कोरोना का टीका लगवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां आकर पता चला है कि कोरोना वैक्सीन वास्तव में विश्वास का टीका है।
एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में बुधवार को 150 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई गई। 113 को पहली और 37 को कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज दी गई। इनमें वरिष्ठ नागरिक 103 और 45-60 उम्र की आयु के चार लाभार्थी शामिल थे। बताया कि लुखी गांव की 93 वर्षीय सावित्री को भी कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटर पर बुधवार को 395 लाभार्थियों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई गई है। इस मौके पर कार्यकारी मेट्रन गुरमीत कौर, नर्सिंग अधिकारी सीमा शर्मा, बबीता, स्टाफ नर्स आशा रानी, सीमा रानी, मंजू नैन, लिपिक अतुल शर्मा, राममेहर शर्मा, कपिल सैनी, विकास मलिक, धीरज प्रजापत व सहायक चंद्रमोहन सहित अन्य मौजूद रहे।
कोविड-19 गाइडलाइन का करें पालन: सीएमओ
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखेें तथा मास्क का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जिले में बुधवार को 37 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जबकि 10 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की जांच के लिए अब तक 2 लाख 28 हजार 743 सैंपल लिए गए है, जिनमें से दो लाख 17 हजार 860 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब तक 8851 मरीज कोरोना को मात देकर वापस लौट चुके हैं। वहीं बुधवार को कुरुक्षेत्र से 10 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से घर भेज दिया गया है।
आज 37 जगह बनाए जाएंगे कंटेनमेंट जोन
37 जगह कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर 37 जगह से कंटेनमेंट जोन बनाए जाएंगे। गांव सारसा, पुराना बाजार पिहोवा, दुख:भजन कॉलोनी, शांति नगर, किरमिच रोड, एनकलेव कॉलोनी, गुरुनानक पुर मोहल्ला, ज्योतिसर, ठसका अली, किरमिच, मुगल माजरा, आदर्श कॉलोनी पिहोवा, इस्हाक, सेक्टर-7, सत्या नगर शाहाबाद, न्यू कॉलोनी मिर्जापुर, सेक्टर-13, 7बी अमीन रोड, बेरथली, दीदार नगर, कल्याण नगर, कंदौली, रतनगढ़ शाहाबाद, वार्ड-12 लाडवा, गांव बारना सहित 37 जगह पर कंटेनमेंट जोन बनाए जाएंगे।